Alzheimer's Awareness

‘अल्झाइमर’: एक नयी फैलती बीमारी (Alzheimer’s: A New, Spreading Disease)

By Wg Cdr D P Sabharwal (Veteran)

पिछले कुछ दशकों में कई नयी जानलेवा बीमारियां सामने आयी हैं जैसेकि हार्ट-अटैक और कैंसर. इस के साथ कई अन्य बीमारियां भी उभर कर आयी है जैसेकि अच्-आयी-वी, एड्स, हपेटिटिस-सी, डेंगू इत्यादि. इन सभी भयंकर बीमारियों ने चिकित्सकों, अनुसंधानिक संस्थानों, डॉक्टरों एवं सरकारों को इन पर तेजी से अनुसंधान करने और हल निकालने पर मज़बूर कर दिया है जिसके फलस्वरूप कैंसर जैसी बीमारी जिस का दस वर्ष पहले तक कोई इलाज़ नहीं था अब इससे मरने वालों की संख्या बहुत ही कम हो गयी है.

पिछले कुछ वर्षों में एक और बीमारी, जो सदियों से चली आ रही थी, मगर जिस के बारे में लोग बात नहीं करते और छुपा कर रखते थे अब सामने आ रही है. यह एक दिमागी बीमारी है. यह बीमारी पहले तो सिर्फ याददाशत को कमजोर करती है लेकिन फिर धीरे धीरे दीमक की तरह पूरे दिमाग को साफ़ कर देती है. इस बीमारी का उस समय पता चलता है जब यह एक खतरनाक स्थिति पर पहुंच चुकी होती है. अभी तक इस बीमारी का कोई भी इलाज़ नहीं है. इस बीमारी का नाम है ‘अल्झाइमर’

‘अल्झाइमर’ अधेड़ उम्र के लोगों को होती है, यह बीमारी उन लोगों को जल्दी पकड़ती है जो लोग ठंडे इलाकों में रहते है जैसे कि उत्तरी अमेरिका, कनाडा या यूरोप के उत्तरी देशों में, या फिर जो लोग अपने दिमाग का इस्तेमाल नहीं करते वह भी इस बीमारी का शिकार बनते हैं; इस किस्म के कुछ अनुमान, सिद्धांत, एवं धारणाएं किताबों में और इंटरनेट पर पढ़ने को मिलती हैं लेकिन यह सब सच नहीं है. आजकल विदेशों में ही नहीं, भारत में भी युवा लोग, ५० वर्ष के आस पास के लोग, पुरष और महिलाएं दोनों, जो व्यावसायिक रूप से किसी न किसी काम में कार्यरत हैं, इस बीमारी का शिकार होने लगे हैं.

‘अल्झाइमर’ से जूझता व्यक्ति शारीरिक दृष्टि से तो कई वर्षों तक स्वस्थ नज़र आता है लेकिन उस की मानसिक स्थिति के बारे में निश्चित रूप से कुछ भी कहना संभव नहीं क्योंकि उस मे लगातार गिरावट आती रहती है. यह गिरावट धीमी गति से भी आ सकती है या फिर काफी तीव्रता से. अन्य कई बीमारिओं की तरह ‘अल्झाइमर’ भी एकदम से नहीं आती. यह इंसान को धीरे धीरे अपनी गिरफ्त में लेती है.

इस बीमारी के कई चरण हैं जो सैद्धांतिक प्रयोजनों और डॉक्टरों की दृष्टि के हिसाब से तो ठीक है, लेकिन एक आम साधारण आदमी के लिए इसे समझ पाना बहुत ही मुश्किल है. बस इतना कहना ठीक होगा कि इस बीमारी में मरीज़ धीरे धीरे सब कुछ खोता चला जाता है: अपनों को पहचानना, खुद से कोई भी काम करना जैसे की ब्रश करना, कपड़े पहनना, खाना खाना इत्यादि; आवाज़ का चले जाना और बोलना बंद हो जाना यहां तक कि यह भी नहीं बता सकते कि मुझे बाथरूम जाना है. सच तो यह है की इस बीमारी से जूझता इंसान अंतिम समय के पास पहुंचते पहुंचते एक ज़िंदा लाश की तरह हो जाता है.

कुछ समय पहले तक यह धारणा थी कि याददाश्त का खोना ही इस बीमारी का मुख्य लक्षण है लेकिन ऐसा नहीं है. इस बीमारी में दिमाग के सेल्स जिसे न्यूरॉन्स कहते हैं, नष्ट होने शुरू हो जातें हैं. शुरू में नष्ट होने की यह प्रक्रिया धीमी होती है पर समय बीतने के साथ साथ यह बढ़ती जाती है. याददाश्त का कम होना केवल एक संकेत है. बीमारी के कई लक्षण है, किसी भी व्यक्ति का व्यवहार बता सकता है की वह ‘अल्झाइमर’ की तरफ अग्रसर हो रहा है. लेकिन इस व्यवहार को देखना और समझना इतना सरल नहीं है क्यूंकि यह सब कुछ एक ही समय पर नहीं होता. एक और बात. देखने में एक अच्छा-भला इंसान अगर कभी कुछ गलत करता है तो अक्सर उसे नज़रअंदाज़ और अनदेखा कर दिया जाता है.

सच तो यह है कि धीरे धीरे इस बीमारी से ग्रस्त इंसान की ढंग से कोई भी काम करने की क्षमता में कमी आने लगती है या फिर वह किसी समय कोई काम नहीं कर पाता. अब क्योंकि ऐसा कभी कभी होता है और अलग अलग क्षेत्रों में होता है इसलिए अक्सर इसे नज़रअंदाज़ कर दिया जाता है और इस बीमारी को समझने और पहचानने में देर हो जाती है. वह हर व्यक्ति जो ‘अल्झाइमर’ का शिकार होता है, समय से पहले काफी संकेत देता है जिसे जानना और समझना अति आवश्यक है. सामान्य व्यवहार की वह दस बातें जिन्हे चेतावनी संकेत’ कहा जा सकता है, नीचे लिखीं है.

१. याददाश्त का खोना ‘अल्झाइमर’ की बीमारी का मुख्य संकेत है. यह भूलना अक्सर ताज़ी घटनाओं का होता है. पुरानी बातों याद रहती हैं. बीमार मुख्यता तारीखों और घटनाओं को भूलने लगता है जैसेकि उसने पर्स व चाबियां कहाँ रखीं हैं, खाना बनाते हुए सब्ज़ी में नमक डाला है या नहीं, नहाने से पहले ब्रश किया है या नहीं वगैरह. इस से रोज़ की दिनचर्या में कष्ट होने लगता है.

२. घर में या फिर दफ्तर में परिचित कार्य करने में मुश्किल आने लगती है. जानी पहचानी जगह पर पहुंचने मे कठिनाई होती है, अक्सर खेलने वाली खेल के नियम भूलने शुरू हो जाते हैं. किसी भी तकनीकी मशीन, जैसे की माइक्रोवेव ओवन या रिकॉर्डर के स्विच चलाने और नियंत्रण करने में मुश्किल होने लगती है.

३. दैनिक कार्यक्रमों को करना व उनकी योजना बनाना अब सरल नहीं लगता और एक तरह से चुनौती बन जाती है. इस का एहसास तब होता है जब किसी पार्टी के लिए मेहमानों की सूची तैयार करनी हो या फिर यह निर्णय लेना हो कि क्या क्या बनाया जाए. ऐसी ही कुछ मुश्किल पैसों को लेकर होती है जैसे कि आया को या धोबी को क्या देना है और कब देना है?

४. समय और जगह को लेकर उलझन होने लगती है. बीमारी के लक्षण यह भी हैं कि पढ़े लिखे लोग भी तारीखों, मौसम और महीनों मे उलझ कर रह जाते हैं. उनको यह बताने मे कठनाई होने लगती है कि वह कहाँ पर हैं, वहाँ कैसे आये और किस के साथ आये. जिस जगह पर वह अक्सर आते रहे है उस के बारे में कहने लगते हैं कि वहां पर पहले कभी आये ही नहीं.

५. किसी भी दृश्य को देख कर समझने में मुश्किल होती है. कोई चीज़ कितनी दूर है या पास है इस में भी उलझन होने लगती है. साधारण वाक्यों को पढ़ना और समझना मुश्किल हो जाता है. रंगों की पहचान ख़तम होने लगती है.

६. शब्द बोलने और लिखने में कठिनाई होने लगती है. बोलते हुए उचित शब्द के लिए अटक जातें है और कई बार गलत शब्द का इस्तेमाल करते हैं जैसे कि किताब को अखबार कहना. बात करते करते रुक जाते हैं और फिर दुबारा अपने आप से शुरू नहीं कर पाते. कई बार उसी वाक्य को दोहराने लगते हैं.

७. हर रोज़ इस्तेमाल होने वाली चीज़ों को इधर उधर रखना शुरू कर देते हैं जैसे कि जूतों को कपड़ों की अलमारी में और टूथ ब्रश को फ्रिज में, और जब चीजें सही जगह पर नहीं मिलती तो घर वालों पर चोरी का इलज़ाम लगाने लगते हैं. ध्यान एक ही चीज़ पर केंद्रित होने लगता है, चलना शुरू करते हैं तो दिशा भूल कर सीधे एक ही रास्ते पर चलते रहते हैं.

८. समझने व परखने की पहचान कम होने लगती है मुख्यता रुपये पैसों के मामले में. सौ और दस के नोट को पहचानने में उलझन होने लगती है. निर्णय लेना कठिन हो जाता है. ट्रैफिक लाइट पर बत्ती हरी होने पर भी चलने में हिचकिचाहट होती है. व्यक्तिगत स्वच्छता की तरफ से ध्यान हटने लगता है.

९. किसी भी काम से, चाहे वह घर का हो या बाहर का, या उन चीज़ों से जिस को पहले बहुत दिल से करते थे जैसे कि कोई खेल खेलना, तैरना, इत्यादि से अब मन चुराने लगते हैं और कहने पर भी करने को तैयार नहीं होते. बाहरी लोगों से मिलने से कतराने लगते हैं क्योंकि उन्हे अपने अंदर हो रहे परिवर्तन का आभास होने लगता है.

१०. व्यक्तित्व में बदलाव आना शुरू हो जाता है. व्यवहार मे चिंता, उलझन और उतावलापन नज़र आता है. चेहरे पर अक्सर उदासी और उलझन भी नज़र आने लगती है. घर पर, बाहर या फिर दोस्तों, रिश्तेदारों के साथ रहते हुए भी छोटी छोटी बातों पर परेशान होने लगते हैं.

‘अल्झाइमर’ के लक्षणों की यह सूची व्यापक तो है परन्तु संपूर्ण नहीं है. इन के इलावा भी कुछ लक्षण हो सकते हैं लेकिन इन १० लक्षणों से बीमारी का अंदाजा लगाया जा सकता है. इन के इलावा दो और बातें जानना ज़रूरी है. पहला तो यह कि यह आवश्यक नहीं कि यह सभी १० लक्षण हर एक मरीज़ में होंगे और दूसरी बात यह कि ज़रूरी नहीं है कि यह इसी क्रम में हो. ‘अल्झाइमर’ के हर मरीज़ का व्यवहार अक्सर अलग ढंग का होता है.

अगर आप को मह्सूस हो कि आप के घर में कोई इस तरह का व्यवहार करने लगा है, या फिर आप को पता चले कि आप के जान-पहचान में से कोई ऊपर लिखित प्रतिकिर्याओं की और बढ़ रहा है तो आप इसे अनदेखा न करें और तुरंत किसी दिमागी डॉक्टर (न्यूरो-फिजिशियन) से संपर्क करें. माना कि इस बीमारी का अभी तक कोई इलाज नहीं है, लेकिन समय पर पहचान हो जाने से बीमार और उसकी देखभाल करने वालों के लिए थोड़ी आसानी अवशय हो सकती है.

More in Alzheimer's Awareness

View all →
✎

Alzheimer’s: Awareness Is the Need of the Hour!

Alzheimer’s is a type of dementia and accounts for almost 75% of dementia cases. It is a neuro-degenerative disease in which the neurons (brain cells) start…

✎

Learn to Accept the Way It Is

She was grown-up when I first met her. At 23, she was a smart and beautiful young girl with a post-graduate degree under her belt. I…

✎

Key to Early Alzheimer Detection: Join the Dots

One day my wife asked me, ‘Saby, just see if there is salt in the vegetable dish.’ She had never asked me to perform such a…

✎

A Caregiver’s View

We had just celebrated our 30 th marriage anniversary and were amongst the happiest couples on the earth when ‘dementia’ made its entry. At that time…